Sunday, October 25, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डसल्ट क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; दो मामलों में 29 किलो...

सल्ट क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; दो मामलों में 29 किलो से अधिक गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार


अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी ने बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को सल्ट थाना क्षेत्र में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 29.08 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस ने पेसिया से लगभग एक किलोमीटर आगे झीमार रोड पर चेकिंग के दौरान झीमार की ओर से आ रही सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार के पास से 12.585 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान राजेश कुमार (23 वर्ष), पुत्र अतर सिंह, निवासी ग्राम दोहरी, वकील भट्टे के पास, कुंडेश्वरी, थाना काशीपुर, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मोटरसाइकिल सीज कर दी है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 3 लाख 14 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि वह गुलार क्षेत्र से गांजा लेकर कुंडेश्वरी काशीपुर ले जा रहा था, जहां इसे पुड़िया बनाकर बेचने की योजना थी। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने कालीगांव, रगड़गाड़ बैण्ड के पास चेकिंग के दौरान कालीगांव की ओर से आ रही काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से 16.495 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान अलाउद्दीन (25 वर्ष), पुत्र अली मोहम्मद और नौशाद (23 वर्ष), पुत्र शाहिद, दोनों निवासी ग्राम व पोस्ट बुढानपुर अलीगंज, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 4 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहाड़ी क्षेत्रों से गांजा एकत्र कर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बेचने की फिराक में थे। पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोतों की जानकारी जुटाने में लगी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments