Monday, October 26, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डगन्ना मूल्य 500 रूपए कुंतल घोषित करे सरकार

गन्ना मूल्य 500 रूपए कुंतल घोषित करे सरकार


ऋषिकेश। अखिल भारतीय किसान सभा ने गन्ना मूल्य घोषित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पेराई सत्र के शुभारंभ पर पहुंचे अतिथियों के माध्यम से गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा को पांच सौ रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने सहित तीन सूत्रीय ज्ञापन भेजा। शुक्रवार को अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य डोईवाला गन्ना मिल के पैराई सत्र 2025-26 के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे। वहां उन्होंने क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला और पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के माध्यम से गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन भेजा। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सजवान ने कहा कि गन्ना मूल्य घोषणा में देरी की जा रही है, जबकि गन्ना मूल्य पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही घोषित कर देना चाहिए था। सरकार की चुप्पी से गन्ना किसान असमंजस में हैं और इससे उनकी आर्थिक योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। कह कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में गन्ना मूल्य घोषित हो चुका है, जबकि उत्तराखंड में घोषणा न होना किसानों के साथ अन्याय है। जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह और जिला सचिव कमरुद्दीन ने कहा कि गन्ना मूल्य 500 रूपए प्रति कुंतल किया जाए, गन्ना सेंटरों पर नियमित तौल और घटतौली पर रोक लगाई जाए तथा कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत छूट दी जाए। ज्ञापन देने वालों में शिव प्रसाद देवली, राजेंद्र पुरोहित, बलवीर सिंह, याकूब अली आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments