Saturday, October 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमेयर ने किया निर्माणाधीन बस टर्मिनल का निरीक्षण

मेयर ने किया निर्माणाधीन बस टर्मिनल का निरीक्षण


रुद्रपुर। मेयर विकास शर्मा ने मंगलवार को निर्माणाधीन बस टर्मिनल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किए बिना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने टर्मिनल के दायरे में आ रहे व्यापारियों के हितों की रक्षा करने और यात्रियों की सुविधाओं को तत्काल प्रभाव से सुधारने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण को मेयर, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यदायी संस्था के एमडी इंदर कपूर ने बताया कि मुख्य रूप से अतिक्रमण और कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण निर्माण की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण की समस्या का समाधान हो जाता है, तो अगले दो माह के भीतर बस टर्मिनल का संचालन विधिवत रूप से शुरू कर दिया जाएगा। जबकि परिसर में प्रस्तावित शॉपिंग मॉल के निर्माण में अभी करीब डेढ़ से दो वर्ष का समय लग सकता है। मेयर ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि जब तक टर्मिनल पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता। तब तक वर्तमान रोडवेज स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था की जायें। निरीक्षण के दौरान मेयर विकास शर्मा ने किच्छा बाईपास रोड की उन 48 दुकानों के भविष्य पर भी चर्चा की, जो बस टर्मिनल की जद में आ रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन मिलकर इन व्यापारियों के पुनर्वास के लिए एक ठोस योजना तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि ये दुकानदार दशकों से यहां अपना व्यवसाय कर रहे हैं और उनकी रोजी-रोटी को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्हें उचित स्थान पर पुनर्स्थापित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में जो भी समस्याएं सामने आई हैं। उनका समाधान युद्ध स्तर पर किया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो वे स्वयं शासन स्तर पर वार्ता कर अवरोधों को दूर कराएंगे। महापौर ने कहा कि जैसे ही टर्मिनल का मुख्य हिस्सा तैयार होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इसका लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर एआरएम राजेंद्र कुमार आर्या, वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी बहमानंद आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments