अल्मोड़ा। उत्तराखंड शासन की ओर से राजकीय निर्माण कार्यों में रॉयल्टी की दरों में वृद्धि किए जाने से ठेकेदार आक्रोशित हैं। विरोध में ठेकेदारों ने शनिवार को लोनिवि प्रांतीय खंड कार्यालय में प्रदर्शन किया। आक्रोशित ठेकेदारों ने रॉयल्टी बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टेंडर की प्रतियां जलाईं और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की। ठेकेदारों ने कहा कि रॉयल्टी की दरों में भारी बढ़ोतरी से उनकी रोजी-रोटी पर व्यापक असर पड़ रहा है। मौजूदा दरों पर निर्माण कार्य करना उनके लिए आर्थिक रूप से नुकसानदेह हो गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि आरआर ड्राई के लिए विभाग की निर्धारित दर 2200 रुपये प्रति घन मीटर है, जबकि इस पर 1250 रुपये प्रति घन मीटर रॉयल्टी काटी जाएगी। ऐसी स्थिति में ठेकेदारों के पास काम छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। ठेकेदारों ने चौघानपाटा में टेंडर की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई को लेकर बैठक के बाद रणनीति तय की जाएगी। प्रदर्शन में हिल्स ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रयाग सिंह बिष्ट, महासचिव सुरेंद्र सिंह बेलवाल, उपाध्यक्ष अकरम खान, गोपाल सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह सिंगवाल, विनोद वैष्णव, संदीप श्रीवास्तव, गौरव कांडपाल, किशन सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह नेगी, विपिन बिष्ट, ललित मेहता और गौरव वर्मा सहित बड़ी संख्या में ठेकेदार मौजूद रहे।
रॉयल्टी बढ़ोतरी के विरोध में ठेकेदारों ने जलाईं टेंडर की प्रतियां
RELATED ARTICLES
