देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के आजाद कॉलोनी, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी समेत विभिन्न इलाकों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। इस दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों का सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 545 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, मामलों में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे सात अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
सत्यापन के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 30 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इन सभी पर कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिले सात व्यक्तियों को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई। पुलिस के अनुसार, इनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है। एसएसपी के निर्देशों के क्रम में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और सत्यापन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पटेलनगर में सत्यापन अभियान, 545 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जांच
RELATED ARTICLES
