Saturday, October 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डझूठी अफवाह फैलाने के आरोप में कांग्रेस ने कोतवाली में दी शिकायत

झूठी अफवाह फैलाने के आरोप में कांग्रेस ने कोतवाली में दी शिकायत


अल्मोड़ा। सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में नगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने कोतवाली अल्मोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि जानबूझकर पार्टी की छवि धूमिल करने और समाज में तनाव फैलाने का प्रयास किया गया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने बताया कि 8 जनवरी को अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर अल्मोड़ा में आयोजित एक सभा से कांग्रेस पार्टी का कोई भी संबंध नहीं था। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर यह झूठी अफवाह फैलाई गई कि उक्त कार्यक्रम कांग्रेस द्वारा आयोजित किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उस सभा में कांग्रेस का कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता शामिल नहीं था। नगर अध्यक्ष का कहना है कि इस प्रकार की भ्रामक सूचनाओं से न केवल कांग्रेस पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, बल्कि समाज में जातिगत तनाव और वैमनस्य फैलाने का भी प्रयास हुआ है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दोषी व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि संबंधित सोशल मीडिया खातों की तकनीकी जांच कर वास्तविक संचालकों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी के साथ दीप सिंह डांगी, पार्षद वैभव पांडे, पार्षद दीपक कुमार, जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल सुशील साह, भैरव गोस्वामी, बलवंत सिंह राणा, गोविंद मेहरा, परितोष जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, निजाम कुरैशी, कार्तिक शाह, राहुल गुप्ता, कमल बिष्ट, शुभम जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कांग्रेस कमेटी ने दोहराया कि पार्टी सभी समाजों के सम्मान और आपसी सद्भाव में विश्वास रखती है तथा अफवाह और नफरत फैलाने की किसी भी राजनीति का विरोध करती रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments