Sunday, October 25, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डअंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अल्मोड़ा में विशाल जुलूस, सीबीआई जांच की...

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अल्मोड़ा में विशाल जुलूस, सीबीआई जांच की मांग तेज


अल्मोड़ा। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जनपद में आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अल्मोड़ा नगर में कांग्रेस की ओर से एक विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने किया। इसमें आम नागरिकों के साथ महिला संगठनों, युवाओं और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंकिता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या केवल एक परिवार की बेटी की हत्या नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज पर गहरा आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है और जब तक सीबीआई जांच नहीं होती, तब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब चुप नहीं बैठा जाएगा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार दोषियों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी और सीबीआई जांच कराकर ही दम लेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि अल्मोड़ा की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब यह साबित करता है कि जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना कांग्रेस की नैतिक जिम्मेदारी है और जिला कांग्रेस कमेटी इस आंदोलन को और तेज करेगी। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करण मेहरा ने भी हत्याकांड को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अंकिता भंडारी की नृशंस हत्या को पूरे देश के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह घटना भाजपा शासन में कानून व्यवस्था की स्थिति को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षण प्राप्त अपराधियों को बचाने के लिए साक्ष्यों से छेड़छाड़ और मामले को दबाने के प्रयास किए गए। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से नगर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments