Sunday, October 25, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डपुलिस ने पकड़े 17 पेटी नशे के इंजेक्शन कैप्सूल और टैबलेट

पुलिस ने पकड़े 17 पेटी नशे के इंजेक्शन कैप्सूल और टैबलेट


काशीपुर। आईटीआई थाना पुलिस ने दढ़ियाल रोड फ्लाईओवर के पास नेशनल हाईवे किनारे भारी मात्रा में अवैध (नशे की) दवाइयां बरामद की हैं। पुलिस ने पराली के नीचे काली पन्नी से ढककर छिपाई गई 17 पेटियों से 12,250 नशीले इंजेक्शन और करीब 3.40 लाख नशे के कैप्सूल व टैबलेट बरामद किए हैं। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। बरामद नशे की दवाओं की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। सोमवार की शाम आईटीआई कोतवाली प्रभारी कुंदन रौतेला और एसआई प्रकाश बिष्ट को सूचना मिली कि दढ़ियाल रोड फ्लाईओवर से बाजपुर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे के किनारे पराली के नीचे संदिग्ध पेटियां छिपाकर रखी गई हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पराली हटाकर तलाशी ली गई। काली पन्नी में लिपटी 17 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें प्रतिबंधित श्रेणी की नशा करने वाली दवाइयां भरी थीं। पुलिस के अनुसार पांच भूरे रंग की गत्ते की पेटियों में एनआरएक्स बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन आईपी 0.3 मिलीग्राम/मिलीलीटर व बीआई नॉर्फिन 2.0 मिलीलीटर एम्प्यूल के कुल 12,250 इंजेक्शन पाए गए। इसके अलावा तीन पेटियों में अंछर स्पैस्मो कैप्सूल के 49,920, तीन पेटियों में स्पास्मोर कैप्सूल के 64,560, तीन पेटियों में प्रॉक्सिओहम एसपीएएस कैप्सूल के 51,360 तथा तीन पेटियों में ओएचएमएस अल्फा 0.5 टैबलेट के 1,74,000 कैप्सूल बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार और औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला को मौके पर बुलाकर दवाओं की जांच कराई। औषधि निरीक्षकों ने बताया कि बरामद सभी दवाइयां प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और इनका दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है। पुलिस टीम में एसआई जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल शेखर बनकोटी, कांस्टेबल दीपक प्रसाद, दिनेश तिवारी और दीपक जोशी शामिल रहे। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। सरकारी अस्पताल के पास बाग में नशेड़ियों का जमावड़ा काशीपुर(आरएनएस)। एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल के बराबर स्थित बाग में दिनभर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसी तरह चीमा चौराहा स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास भी नशेड़ियों की भरमार देखी जाती है, जहां वे इंजेक्शन से नशा करते पाए जाते हैं। सूत्रों के अनुसार अधिकांश नशेड़ी नशा छोड़ने की दवा का ही दुरुपयोग कर नशा कर रहे हैं। पुलिस कई बार दबिश दे चुकी है, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि इन स्थानों पर नशे के सौदागर नशेड़ियों को सीरिंज और नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराते हैं। एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments