हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से ही प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम लग गया। शंकराचार्य चौक से ऋषिकुल तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। रुड़की से हरिद्वार आने वाले हाईवे पर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर भी वाहनों की कतार लगी रही। स्नान के लिए लगातार वाहनों के पहुंचने से हाईवे पर आवाजाही धीमी हो गई। वहीं, शहर के अंदरूनी मार्ग भी जाम से अछूते नहीं रहे।
रेलवे स्टेशन के बाहर ई-रिक्शा और टेंपो की अधिक आवाजाही के कारण बार-बार जाम की स्थिति बनी। इससे स्टेशन पहुंचने और वहां से बाहर निकलने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से दोपहर तक प्रमुख चौराहों और संपर्क मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा। सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। स्नान पर्व पर वाहनों की संख्या बढ़ने से मुख्य मार्गों पर दबाव रहा, लेकिन पुलिस ने समय-समय पर यातायात को सुचारु कराया।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर यातायात जाम
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान यातायात नियमों की भी अनदेखी होती नजर आई। मंगलवार को हाईवे पर कई मालवाहक वाहनों में सवारियां भरकर ले जाई जा रही थीं। ट्रैक्टर-ट्रालियों में भी लोग सवारी करते दिखाई दिए। वाहन चालकों की लापरवाही व्यस्ततम चौराहों पर भी देखने को मिली। कई मालवाहक वाहन पुलिस के सामने से ही बेरोकटोक गुजरते रहे, लेकिन उन्हें रोकने की जहमत नहीं उठाई गई।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर शहर की सड़कों पर सुबह से लगा जाम
RELATED ARTICLES
