चमोली। बर्फ की सफेद चादर में लिपटे हेमकुंड साहिब में साल की अंतिम अरदास के साथ दर्शन का सिलसिला शीतकाल के लिए थम गया। इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पवित्र धाम पहुंचे। कपाट बंद होने के ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए पाकिस्तान से आए 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट आज शनिवार को साल की अंतिम अरदास के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस वर्ष धाम में रिकॉर्ड 3,84,573 से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। कपाट बंद होने के ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए करीब चार हजार श्रद्धालु मौजूद रहे। पाकिस्तान से आए 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बर्फबारी के बाद सफेद चादर में लिपटे धाम तक श्रद्धालु बर्फीले रास्तों से पहुंचे और अंतिम अरदास में शामिल हुए।
कपाट बंद होने से एक दिन पहले शुक्रवार को हेमकुंड साहिब में जमकर बर्फबारी हुई जिससे पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। सीजन की अंतिम अरदास के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी हुई। श्रद्धालुओं को बर्फ से ढके हेमकुंड साहिब के मनमोहक नजारे का दीदार करने का मौका भी मिला।
सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब को दरबार साहिब से सचखंड में सुशोभित किया गया। इसके बाद हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने से ठीक पहले हुई बर्फबारी ने धाम की खूबसूरती और बढ़ा दी है।
हेमकुंड साहिब के साथ ही लोकपाल घाटी के अन्य धार्मिक स्थलों के कपाट बंद होने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। लक्ष्मण मंदिर के कपाट रविवार को बंद किए जाएंगे। मंदिर के पुजारी मनीष पांडे ने बताया कि कपाट बंद करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हेमकुंड साहिब के कपाट बंद: बर्फबारी के बीच साल की अंतिम अरदास, ऐतिहासिक पल के साक्षी बने श्रद्धालु
RELATED ARTICLES
