रुद्रपुर। कांग्रेस विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने शनिवार को गोशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और गोवंश रखने की क्षमता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोशाला के उद्घाटन के समय इसकी क्षमता दो हजार गोवंश रखने की बताई गई थी, जबकि वर्तमान में यहां केवल 700 गोवंश रखने की क्षमता होने की बात सामने आ रही है। विधायक ने गोशाला की क्षमता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अतिरिक्त बजट स्वीकृत करने की मांग की है। विधायक कापड़ी ने कहा कि उद्घाटन के समय गोशाला की क्षमता दो हजार बताई गई थी तो फिर 700 गोवंश होने पर ही इसकी क्षमता पूरी कैसे हो गई? उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण अपने गोवंश लेकर गोशाला पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें वापस लौटाया जा रहा है। कई क्षेत्रों से ग्रामीणों को गोवंश लेकर गोशाला जाने से पुलिस द्वारा रोके जाने की शिकायतें भी मिली हैं। उन्होंने कहा कि गोशाला बनने के बावजूद निराश्रित गोवंश की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गोवंश किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और सड़कों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इससे किसानों और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गोशाला की क्षमता बढ़ाने के लिए तत्काल बजट स्वीकृत करने की मांग की। इस दौरान प्रदेश सचिव अरविंद कुमार, मान सिंह, सतपाल राणा, विजय शंकर यादव, उमेश कुमार, मुकेश सक्सेना, यशपाल, अय्यूब, रमेश जोशी, विक्रम सिंह, वीरेंद्र राज, गोपाल चंद, प्रदीप कुमार, राजकुमार और संदीप दसौनी आदि मौजूद रहे।
गोशाला की क्षमता पर विधायक कापड़ी ने उठाए सवाल
RELATED ARTICLES
