देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी ने सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एस्लेहॉल चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया। कांग्रेस ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। अध्यक्ष डॉ. गोगी ने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विशाल रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोककर परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के शांतिपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के अधिकार पर गंभीर सवाल खड़े करता है। डॉ. गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोध को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकना, उन्हें प्रताड़ित करना और लोकतांत्रिक कार्यक्रमों में बाधा डालना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है। 2027 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने नैनीताल के पुलिस अधिकारियों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए “अराजक तत्व” जैसे शब्दों के प्रयोग पर भी कड़ी आपत्ति जताई। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पुंढ़ीर, ललित बद्री,अर्जुन पासी, राजीव प्रजापति, सरिता बिष्ट, संजय उनियाल, अभिनव थापर, वीरेंद्र पंवार,दीपक मधवाल अभिषेक तिवारी,सुनील पक्का जायसवाल, अनूप कपूर, अरुण शर्मा, अल्ताफ, संजय भारती,राम किशन यादव,विजेंद्र चौहान आदि मौजूद थे।
लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे: लालचंद
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबा रही है। लालचंद शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने राजनीतिक हितों के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को उठाते रहेंगे और सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।कहा कि भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि सरकारी मशीनरी किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं है। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को संविधान और कानून के अनुसार निष्पक्ष होकर कार्य करना चाहिए। राजनीतिक दबाव में विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करना लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम है।
महानगर कांग्रेस का सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के विरोध में प्रदर्शन
RELATED ARTICLES

