ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन विवि परिसर में व्याप्त समस्याओं को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कुलपति को ज्ञापन सौंप रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने, खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम बनाने सहित अन्य मांगें की। गुरुवार को श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन को 26 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई ऋषिकेश के महानगर अध्यक्ष और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि यह ज्ञापन हजारों छात्र-छात्राओं की आवाज है। वर्षों से लंबित समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हमारा उद्देश्य केवल मांगें रखना नहीं, बल्कि उनका समाधान सुनिश्चित कराना है।यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो एनएसयूआई छात्रहित में लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने, परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की स्थापना, कैंटीन निर्माण, एमबीए, एमसीए, एवं बीए (योग) जैसे नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने, विज्ञान प्रयोगशालाओं के विस्तार, प्लेसमेंट सेल की स्थापना, ऑफलाइन फीस काउंटर की व्यवस्था, बस और टैंपों पास सुविधा, सुरक्षा के लिए गार्ड चेक पोस्ट, हाई-स्पीड वाई-फाई, 100 मीटर ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज, पर्याप्त पार्किंग, केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, स्मार्ट क्लासरूम, छात्रावास निर्माण, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा परिसर में एटीएम और जन सेवा केंद्र स्थापित करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें की। मौके पर छात्र नेता मानव रावत, रेहन बंदोलिया, उदित झा, शिवानी नेगी, सृष्टि रमोला, प्रिया, वेदांग भट्ट, अतुल डोभाल, सुंदर, आशीष गुप्ता, आकांशा, भव्य सिंह रावत आदि साथी उपस्थित रहे।
ऋषिकेश पीजी कॉलेज में रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं
RELATED ARTICLES

