विकासनगर। भारी बारिश से पछुवादून समेत जौनसार बावर में मुश्किलें बढ़ गई हैं। कहीं जलभराव तो कहीं सड़कें बंद होने से लोग परेशान हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो रही हैं, जबकि नदियों के उफान पर आने से तटवर्ती बस्तियों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कालसी में जोहड़ी के पास बरसाती नाला उफान पर आने से एक कार तेज बहाव और मलबे में फंस गई। स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से कार को मलबे से बाहर निकाला। नाले के उफान पर आने से मार्ग पर करीब एक घंटे यातायात प्रभावित रहा। विकासनगर, सेलाकुई में सड़कें और गलियां बनी दरिया
जलभराव की समस्या; मूसलाधार बारिश के बाद विकासनगर की सिनेमा गली, पंजाबी कॉलोनी, सैयद रोड, अस्पताल रोड, मुस्लिम बस्ती, मदीना बस्ती, विद्यापीठ मार्ग पर जल भराव होने से गलियां दरिया बनी नजर आई। गलियों में जल भराव होने से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए। सिनेमा गली में दिन भर पानी भरा होने के कारण अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकाने बंद रखी। हरबर्टपुर में सहारनपुर रोड बारिश से तालाब में तब्दील हो गई। रोड किनारे की दुकानो में पानी भरने से व्यापारियों का सामान बर्बाद हो गया। सेलाकुई में एसबीआई, शिव मंदिर, ट्रक यूनियन के सामने एनएच तालाब में तब्दील हो गया, जिससे दिन भर यातायात प्रभावित होता रहा। इसके साथ ही जमनपुर रोड, सिडकुल गेट, मिलन चौक, प्रगति विहार में जल भराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नदियों में उफान से रहें सतर्क: दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पछुवादून में यमुना, टोंस, आसन नदी के साथ ही स्वारना, रवासन, गौना, शीतला, कोट नदियां सोमवार से ही उफान पर हैं। जबकि एक दर्जन से अधिक बरसाती नाले भी कहर बरपा रहे हैं। नदी नालों के उफान पर आने से तटवर्ती बस्तियों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यमुना और टोंस नदियां खतरे के निशान को छू रही हैं, जबकि बरसाती नदियों का रुख भी बस्तियों की ओर हो गया है। प्रशासन की ओर से लगातार बारिश के अलर्ट को देखते हुए आम लोगों से नदी नालों के बहाव क्षेत्र आवागमन नहीं करने और वाहनों को नहीं ले जाने, जल भराव वाले क्षेत्र से दूर रहने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी घटनाओं से बचा जा सके।
भारी बारिश से पछुवादून समेत जौनसार बावर में बढ़ा मुश्किलें
RELATED ARTICLES

