अल्मोड़ा। जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित जेनेरिक दवाओं के स्थान पर अन्य ब्रांडेड दवाओं की बिक्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जांच के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन औषधि (जेनेरिक) और अन्य ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची तैयार कर उनकी उपलब्धता तथा खरीद संबंधी अभिलेखों का मिलान किया जाए। जिलाधिकारी के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं को जांच पूरी होने तक सील कर दिया गया। साथ ही दवाओं के स्टॉक, खरीद और वितरण से संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच के निर्देश दिए गए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्र के संचालन की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को केंद्र के संचालन के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके तथा भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अस्पताल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जन औषधि केंद्र पर डीएम का छापा, दवाएं सील कर जांच के दिए निर्देश
RELATED ARTICLES

