देहरादून। देहरादून में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर लंबे समय से धरना दे रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को उस समय बेहद गंभीर हो गया, जब स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के यमुना कॉलोनी स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान चार महिला अभ्यर्थियों ने आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को अपने वाहनों से दून अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य का उपचार जारी है। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना अब भी जारी है। उनका आरोप है कि सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है और उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिलाओं के नामों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि वे खुद अस्पताल पहुंच रहे हैं और फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
महिला अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि वे सुबह से ही मंत्री से वार्ता करने के लिए 20-25 लोगों के साथ पहुंचे थे, लेकिन मंत्री उनसे मिलने नहीं आए। उनका कहना है कि पिछले आठ महीनों से आंदोलन चल रहा है, फिर भी सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि भर्ती प्रक्रिया वर्षवार यानी सीनियरिटी के आधार पर की जाए, ताकि उम्र निकलने से पहले उन्हें रोजगार मिल सके।
एक महिला अभ्यर्थी ने बताया कि उनके बैच के 40 लोगों में से 12 लोग निजी नौकरी कर रहे हैं, जबकि 38 लोग सरकारी सेवा में हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर चार महिला अभ्यर्थियों ने किया आत्महत्या का प्रयास , एक की हालत गंभीर
RELATED ARTICLES

