अल्मोड़ा। धौलछीना के नवनियुक्त थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद थाना परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं एवं सुझाव सुने गए। थानाध्यक्ष ने सभी को अनुशासन, टीम भावना और पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, अपराधों की रोकथाम तथा अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके बाद ग्राम प्रहरियों के साथ आयोजित गोष्ठी में उन्हें निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम प्रहरियों से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की नियमित सूचना पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया। थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों को अपने क्षेत्रों में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों का नियमित हालचाल लेने, यातायात नियमों का पालन करने और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए स्वयं नशे से दूर रहने तथा लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। बैठक में ग्राम प्रहरियों को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा उन्मूलन तथा अन्य जनहित और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया गया।
नवनियुक्त थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने संभाला कार्यभार, कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
RELATED ARTICLES

