Sunday, August 16, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमां नंदा देवी मेले की तैयारियां शुरू, प्रतिमा निर्माण के लिए चुने...

मां नंदा देवी मेले की तैयारियां शुरू, प्रतिमा निर्माण के लिए चुने गए केले के वृक्ष


अल्मोड़ा। आगामी सितंबर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के मां नंदा देवी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के तहत मां नंदा-सुनंदा की पारंपरिक प्रतिमाओं के निर्माण के लिए रविवार को नंदा देवी मंदिर समिति ने लक्ष्मेश्वर स्थित खूंटकुणी भैरव मंदिर के समीप मनीष पाठक के आवास पहुंचकर उपयुक्त केले के वृक्षों का चयन किया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान के साथ निरीक्षण कर इस वर्ष प्रतिमा निर्माण के लिए केले के वृक्षों का चयन किया। समिति के अनुसार 17 सितंबर की शाम चयनित केले के वृक्षों को पारंपरिक रूप से निमंत्रण दिया जाएगा, जबकि 18 सितंबर की सुबह विधि-विधान और शोभायात्रा के साथ इन्हें नंदा देवी मंदिर परिसर लाया जाएगा। इसके बाद इन्हीं वृक्षों से मां नंदा-सुनंदा की पारंपरिक प्रतिमाओं का निर्माण किया जाएगा। उत्तराखंड की लोक परंपरा में केले के वृक्षों से मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाएं तैयार करने की विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता है। मंदिर समिति ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं। प्रतिमा निर्माण, पूजा-अर्चना, शोभायात्रा तथा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें। समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और देश-विदेश से पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी लोगों से मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’, व्यवस्थापक नरेंद्र वर्मा, पार्षद अमित साह, पार्षद अभिषेक जोशी, मूर्ति संयोजक रवि गोयल, सी.पी. वर्मा, पंडित तारा दत्त जोशी सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments