हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर क्षेत्र में न्यू सराय बाईपास रोड पर बड़े गड्ढों में गिर कर राहगीर चोटिल हो रहे है। बारिश में सड़क का बुरा हाल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क टूटी पड़ी है। बड़े गड्ढों के बीच राहगीरों को आवाजाही करने में बड़ी परेशानी हो रही है। सड़क पर आवाजाही के दौरान हादसों का खतरा बन गया है।रविवार को सड़क के गड्ढों से परेशान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उत्तराखंड सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। साथ ही सड़क का पुनर्निर्माण जल्द नहीं होने पर अधिशासी अभियंता का घेराव करने की चेतावनी दी। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के पदाधिकारियों और राज लोक कॉलोनी के क्षेत्रवासियों ने रविवार को सड़क का पुनर्निर्माण करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। हरिलोक चौराहा हाईवे रेड लाइट से ग्राम इक्कड़ तक करीब तीन किलोमीटर न्यू सराय बाईपास रोड क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह जगह गड्ढे बन गए है। गड्ढों में गिरने से लोग हादसों का शिकार हो रहे है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को असुविधाओं और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ा है। पिछले पांच सालों से सड़क का पुनर्निर्माण नहीं हुआ है। इस सड़क का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार काम उत्तराखंड सिंचाई विभाग ने दिसंबर 2019 में किया था। आरोप है कि इस दौरान खराब गुणवत्ता की सड़क का निर्माण सिंचाई विभाग ने किया। इस कारण साल 2021 के शुरुआती महीनों में सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे बन गए। तब से सड़क का पुनर्निर्माण काम नहीं हुआ है। आरोप है कि जुलाई 2023 में 12 लाख रुपये की लागत और दिसंबर 2025 में 14.93 लाख रुपये की लागत से उत्तराखंड सिंचाई विभाग ने केवल सड़क पर बने गड्ढों में मलबा व बजरी डालकर गड्ढे भरने और अस्थाई सुधार करने का काम किया। वर्तमान में सड़क क्षतिग्रस्त पड़ी है। आरोप है कि सीएम, डीएम, सिंचाई विभाग और क्षेत्रीय विधायक से मांग के बावजूद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं हुआ है। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता और महामंत्री विक्की तनेजा ने बताया कि पांच साल से व्यापारी और स्थानीय लोगों अधिकारियों और नेताओं के चक्कर काट रहे है। बावजूद इसके सड़क का पुनर्निर्माण नहीं किया गया है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव हो गया है। सड़क पर दुर्घटनाएं बढ़ रही है। कहा कि जल्द सड़क का पुनर्निर्माण काम नहीं शुरू होने पर सिंचाई विभाग के खिलाफ योजनाबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सतीश चौधरी एडवोकेट, संजीव मेहता, मुकेश गुप्ता, रणदीप राणा, योगेंद्र शर्मा, पंकज गुप्ता, मोहित शर्मा, गौरव ठाकुर, अशोक प्रजापति, पंकज कुमार, राहुल कुमार, हर्ष गुप्ता, प्रमोद तनेजा, सुमित गुप्ता, अंकित गुप्ता, राम पाल सिंह, आलोक कुमार, विनय कुमार, मनोज कुमार, सिद्धांत सेठी आदि मौजूद रहे।
भविष्य की योजनाएँ
सड़क निर्माण के लिए 86 लाख का प्रस्ताव बना कर शासन को भेजा गया है। सड़क का पुनर्निर्माण काम कुंभ कार्यों में शामिल है। शासन स्तर से अनुमति मिलने के बाद सड़क का पुनर्निर्माण काम शुरू होगा। कुंभ 2027 से पहले सड़क का पुनर्निर्माण काम होना है। – अनुभव नौटियाल, ईई तकनीकी सेल कुंभ
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया
RELATED ARTICLES

