Saturday, July 11, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमुख्यमंत्री खिलाड़ी योजनाओं के चयन ट्रायल का कार्यक्रम तय, 500 खिलाड़ियों का...

मुख्यमंत्री खिलाड़ी योजनाओं के चयन ट्रायल का कार्यक्रम तय, 500 खिलाड़ियों का होगा चयन


अल्मोड़ा। वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 300 खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की खेल छात्रवृत्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 200 खिलाड़ियों (100 बालक एवं 100 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरणों के लिए प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। बैठक में तय किया गया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल विद्यालय स्तर पर 14 और 15 जुलाई, न्याय पंचायत स्तर पर 20 और 21 जुलाई, नगर निकाय एवं विकासखंड स्तर पर 23 से 25 जुलाई तथा जिला स्तर पर 27 से 29 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के चयन ट्रायल 3 अगस्त से नगर निकाय एवं विकासखंड स्तर पर शुरू होंगे। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध हो। उन्होंने पात्र खिलाड़ियों से khelouk.in पोर्टल पर समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की। इसके लिए क्यूआर कोड युक्त फ्लेक्स जिलाधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, तहसील और विकासखंड कार्यालयों सहित सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। बैठक में यह भी बताया गया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत विद्यालय स्तर पर निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षण (पी-सेट) के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित 12 खेलों में चयन ट्रायल होंगे। बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन तिवारी, आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल, जिला खेल समन्वयक तथा खेल विभाग के प्रशिक्षक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments