अल्मोड़ा। सेवा, सुशासन एवं समर्पण की थीम पर शनिवार से जनपद में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हो गया। 4 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत आयोजित उद्घाटन बहुउद्देशीय शिविर में 971 लोगों ने विभिन्न विभागों की सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लिया। कार्यक्रम में विभागों द्वारा लगाए गए सेवा स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीकरण एवं अद्यतन समेत कई सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बाल विकास विभाग ने दो पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 30 बालिकाओं का निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण किया गया। समाज कल्याण विभाग ने 11 दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में छह लोगों ने रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक उनके घर-द्वार पहुंचाना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विकसित उत्तराखंड के संकल्प को दोहराते हुए जनसेवा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिविरों में संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों और विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया। स्कूली विद्यार्थियों एवं लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ योग प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सेवा पखवाड़े के तहत आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में भी बहुउद्देशीय शिविर और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, कुंदन सिंह लटवाल, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्य, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सेवा पखवाड़े का आगाज, बहुउद्देशीय शिविर में 971 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
RELATED ARTICLES

