Monday, September 21, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डएसएसजे विश्वविद्यालय कार्य परिषद की बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी

एसएसजे विश्वविद्यालय कार्य परिषद की बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी


अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की तृतीय कार्य परिषद की बैठक कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन में आयोजित हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक और दीक्षांत समारोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में विश्वविद्यालय की तृतीय शैक्षिक परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन किया गया। साथ ही विभिन्न विषयों में शोधार्थियों को प्रदान की गई पीएचडी उपाधियों को भी स्वीकृति दी गई। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के विनियमों के तहत विभिन्न विभागों में रिक्त शिक्षकों के पदों के लिए जारी विज्ञापन, प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया तथा रोस्टर समिति द्वारा तैयार रोस्टर पर भी चर्चा की गई। कार्य परिषद ने शिक्षकों एवं कार्मिकों को स्वीकृत असाधारण अवकाश, चिकित्सा अवकाश और त्यागपत्रों का अनुमोदन किया। इसके अलावा दैनिक, कार्यप्रभारित, संविदा, नियत वेतन, अंशकालिक तथा तदर्थ आधार पर कार्यरत 11 कार्मिकों को रिक्त पदों के सापेक्ष विनियमित किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में 18 जून को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियों और समारोह में प्रदान किए जाने वाले पदकों की सूची का अनुमोदन किया गया। संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित संस्थानों की संबद्धता से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। कार्य परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर अल्मोड़ा के खेल मैदान का नाम ‘सिमकनी मैदान’ के स्थान पर ‘सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर अल्मोड़ा क्रीड़ा मैदान’ किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव मनुज गोयल ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। इसके अलावा प्रो. एन.एस. भंडारी, प्रो. जगत सिंह बिष्ट, प्रो. एच.सी. जोशी, प्रो. पुष्पेश पांडे, डॉ. डी.सी. पंत, डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. नूतन श्रीवास्तव, डॉ. सबीहा नाज, वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी तथा कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित कार्य परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बैठक का संचालन किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments