बागेश्वर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर पहल शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं, सुझावों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों ने वृद्धजनों के लिए समुचित सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को ओल्ड एज होम निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रशासन का मानना है कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसी सुविधाएं सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।
इसके अलावा कौसानी-भतड़िया मोटर मार्ग का नाम बदलकर “स्वतंत्रता सेनानी मोटर मार्ग” किए जाने का प्रस्ताव भी बैठक में प्रमुखता से उठा। मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजने के निर्देश दिए। इस पहल को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को स्थायी सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों का राष्ट्र निर्माण में योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायी है। ऐसे परिवारों से जुड़े सम्मान और सुविधाओं के मामलों को प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करेगा, ताकि उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य हो सके।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, एसीएमओ अमित मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों में धर्मेंद्र कुमार, गिरीश जोशी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। बैठक को स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान और उनके हितों की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में बड़ा कदम: ओल्ड एज होम निर्माण और मोटर मार्ग नामकरण प्रस्ताव पर मंथन
RELATED ARTICLES

