Saturday, June 13, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमंत्री गणेश जोशी ने किया जखोली में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं संवाद...

मंत्री गणेश जोशी ने किया जखोली में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग


  • रुद्रप्रयाग। प्रदेश के कृषि जनपद रुद्रप्रयाग प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासखण्ड सभागार, जखोली में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर की गई। इसके उपरांत केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनकल्याण शिविर एवं बहुद्देशीय सेवा शिविर में उन्होंने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे आमजन को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
    शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।
    नंदवाणगांव के ग्रामीणों ने गांव की सड़क पर नालियों के बंद होने की समस्या उठाते हुए बताया कि बरसात के दौरान सड़क का पानी किसानों के खेतों एवं आवासीय परिसरों में प्रवेश कर रहा है, जिससे फसलों एवं संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने शीघ्र नाली निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
    क्षेत्र पंचायत सदस्य ललिता देवी ने हाल ही में खलियाण बांगर क्षेत्र में हुई अत्यधिक वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती सीमा देवी ने मयाली बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय एवं नाली निर्माण की आवश्यकता बताते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
    बरसिर गांव के निवासी श्री सुंदर सिंह रावत ने गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिसके समाधान हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में उन्होंने प्रार्थना पत्र भी सौंपा।
    प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सभी शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
    इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम कठैत,, जिलाध्यक्ष भाजपा भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, जिला भेषज संघ की अध्यक्ष आरती रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत,उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments