विकासनगर। औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक कंपनी के श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर वेतन भुगतान नहीं करने और श्रम कानूनो के उल्लंघन का आरोप लगाया है। गुरुवार को इस आशय का ज्ञापन श्रम प्रवर्तन अधिकारी को सौंपते हुए श्रमिकों ने जल्द कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन सौंपते हुए श्रमिकों ने बताया कि कंपनी ने बिना पूर्व सूचना के अपना संचालन बंद कर दिया, जिससे कर्मचारियों का वेतन और अन्य देय भुगतान लंबित रह गए हैं। श्रमिकों ने बताया कि लंबे समय से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कंपनी की ओर से बोनस और ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया, वेतन समय पर नहीं दिया गया और कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा श्रमिकों ने 12 घंटे तक काम कराए जाने के बावजूद मात्र आठ घंटे की मजदूरी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। श्रमिकों ने यह भी कहा कि कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने श्रम विभाग से जांच कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने और सभी लंबित देयों का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। उधर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अमित थपलियाल ने कहा कि जल्द इन सभी बिंदुओं पर कार्रवाई की जाएगी। कंपनी को कारण बताओ नोटिस भी दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालो में ज्ञान सिंह बिष्ट, यशपाल नेगी, पंकज कुमार, निर्मल सिंह, धीरज कुमार आदि शामिल रहे।
श्रमिकों ने कंपनी पर वेतन भुगतान नहीं करने का लगाया आरोप
RELATED ARTICLES

