Monday, September 21, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डकुंभ की तैयारियों में तेजी लाएं, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: कैड़ा

कुंभ की तैयारियों में तेजी लाएं, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: कैड़ा


हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला की तैयारियों की समीक्षा की। सीसीआर भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में सड़क, पुल, घाट, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले अधिकतम कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्यों के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय की गई है और नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि गंगा नहर पर निर्माणाधीन घाटों के कार्य समय पर पूरे कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन से क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शंकराचार्यों को आमंत्रित किया गया है और अखाड़ों व आश्रमों से लगातार संवाद किया जा रहा है।
निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण: हरिद्वार भ्रमण के दौरान शहरी विकास मंत्री ने सीसीआर-2 भवन तथा एडमिन रोड के निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) श्री आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी श्री आकाश जोशी, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता यूपीसीएल श्री प्रदीप कुमार, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम श्री जी.एस. तोमर, अधीक्षण अभियंता सिंचाई श्री मनोज सिंह, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान श्री यशवीर मलिक, उप निदेशक सूचना श्री मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments