Thursday, May 7, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डरानीखेत-चौबटिया मार्ग पर हादसा, मकान की छत पर गिरी कार; चालक की...

रानीखेत-चौबटिया मार्ग पर हादसा, मकान की छत पर गिरी कार; चालक की मौत


अल्मोड़ा। रानीखेत-चौबटिया मार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। अनियंत्रित वैगनआर कार सड़क से नीचे एक मकान की छत पर जा गिरी। हादसे में मकान को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब 3:15 बजे ग्राम देहोली, पोस्ट चौबटिया के पास वैगनआर कार संख्या यूके02-टीए-3159 अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे स्थित लाल सिंह के मकान की छत पर जा गिरी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हादसे के समय कार में चालक भुवन प्रसाद पुत्र गोपाल राम निवासी ग्राम मटेला, काफलीगैर जिला बागेश्वर अकेला सवार था। बताया गया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक वाहन से बाहर छिटककर पत्थर की छत पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र 32 वर्ष बताई गई है। बताया गया कि भुवन प्रसाद पेशे से टैक्सी चालक था। वह मंगलवार शाम को बागेश्वर से एक बारात लेकर ताड़ीखेत ब्लॉक के शिवाली गांव आया था। बुधवार तड़के लौटते समय देहोली के पास तीखे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हादसा हो गया। हादसे के समय मकान के भीतर परिवार के सदस्य सो रहे थे। अचानक तेज आवाज होने पर उन्हें पहले प्राकृतिक आपदा का अंदेशा हुआ, लेकिन बाहर निकलने पर उन्होंने मकान की छत पर कार गिरी देखी। हादसे में मकान को भी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर चौबटिया चौकी प्रभारी राजकुमार और एसआई फिरोज खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments