Saturday, May 2, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डश्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का हो शीघ्र निर्माण:...

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का हो शीघ्र निर्माण: डॉ धन सिंह रावत


  • देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज यमुना कालोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में डॉ रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण एवं नए मोटर मार्गों के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाय। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा तय समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विशेष रूप से घूरी गांव मोटर मार्ग, हरियालु कथड़ो गांव मोटर मार्ग, घिमिड़िया गांव, किमवाड़ी गांव, चौरा–चुनखेत गांव, त्रिपाली गांव हेतु सड़क संपर्क मार्ग, बंगाली मसूरी तोक सड़क, ढोल-ढुंगा से बुरांसी तक संपर्क मार्ग, मिलाई गांव सड़क निर्माण तथा आमधार बचेली सड़क जैसे महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
    डॉ रावत ने कहा कि ये सड़कें क्षेत्र में मुख्य आवागमन का साधन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और जहां आवश्यक हो, संसाधनों की तत्काल उपलब्धता कराई जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और तकनीकी मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए, ताकि भविष्य में आपदा के प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके। बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने की बात कही।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments