अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बेस चिकित्सालय में श्रमिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों, सामाजिक सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता संबंधी जानकारी दी गई। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह ने शिविर का आयोजन किया। इस दौरान श्रमिकों को नालसा योजना-2015, न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, मजदूरी भुगतान अधिनियम, कर्मचारी मुआवजा अधिनियम, भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक अधिनियम, सामाजिक सुरक्षा कोड, श्रमिक पंजीकरण, साप्ताहिक अवकाश, बाल एवं किशोर श्रम निषेध अधिनियम तथा पॉश अधिनियम-2013 की जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 15100 और आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी देकर पम्पलेट वितरित किए गए। शिविर में अभिलाषा इंटरप्राइजेज अल्मोड़ा के प्रबंधक वरुण सिंह और जीएम सतीश त्यागी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकार मित्र दीपा आर्या, विनीता आर्या, संदीप सिंह नयाल, भावना तिवारी, नीमा बिनवाल, पंकज भगत, आशा भारती और गोविंदी बिष्ट ने ‘श्रमिकों के अधिकार’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया।
अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर बेस अस्पताल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
RELATED ARTICLES

