बागेश्वर। विकास खंड के रनकुड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत रिठाड़ गांव के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी परेशानी अब एक सशक्त जनआवाज के रूप में सामने आई है। आज भी इस गांव के लोगों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लगभग एक किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खाली सिलेंडर को सरोली गांव तक ले जाना और भरे सिलेंडर को वापस लाना ग्रामीणों के लिए एक दुष्कर कार्य बन चुका है। हालांकि अब रिठाड़ के नौ गदेरा तक डामर सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे आवागमन सुगम हो गया है। इसके बावजूद गैस सेवा का लाभ गांव तक न पहुंच पाना ग्रामीणों के लिए असंतोष का विषय बना हुआ है। इसी समस्या को लेकर आज बन पंचायत विकास समिति बागेश्वर के जिलाध्यक्ष अर्जुन राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकजुट होकर गरुड़ स्थित गैस गोदाम के प्रबंधक संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों की इस सामूहिक पहल को समर्थन देते हुए जिला पंचायत सदस्य भाष्कर बोरा ने भी उनकी मांग को जायज ठहराया और शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान प्रबंधक संदीप कुमार ने आश्वस्त किया कि इसी माह से रिठाड़ गांव तक गैस सेवा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रबंधक के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों में संतोष और उम्मीद की नई किरण जाग उठी है। गांववासियों ने इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें इस मूलभूत सुविधा से राहत मिलेगी और उनका दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा।
एक किलोमीटर की दूरी बनी मुसीबत: रिठाड़ गांव के लोगों ने उठाई गैस सेवा गांव तक पहुंचाने की बुलंद मांग
RELATED ARTICLES

