Friday, October 23, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश


अल्मोड़ा। जनपद में मुख्यमंत्री द्वारा की गई विकासपरक घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें 4 जुलाई 2021 से अब तक की घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित और प्रगति पर चल रहे कार्यों का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए और चल रहे कार्यों में अपेक्षित गति लाई जाए। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं की अद्यतन स्थिति निर्धारित पोर्टल पर समय-समय पर अपलोड करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और उच्च स्तर पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जिलाधिकारी ने भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन विभागों की प्रगति धीमी है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं और कार्यों में तेजी लाएं। बैठक में विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर भी दिखाई देनी चाहिए और अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करते रहें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments