कोटद्वार। विदेश राज्य मंत्री मार्गरीटा ने शनिवार को कोटद्वार तहसील परिसर में डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन किया। अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली भाषा में मेरू दीदि भुल्यों तै नमस्कार से किया। उन्होंने कोटद्वार में पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। मार्गेरिटा ने कहा कि कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से गढ़वाल के लोगों को देहरादून और अन्य शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। केंद्र सरकार छोटे शहरों व दूर दराज के क्षेत्रों को भी डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में यह पासपोर्ट केंद्र सांसद बलूनी के प्रयासों से ही संभव हुआ है। केंद्र सरकार की सेवाओं को आसानी से पहुंचाने व पासपोर्ट सेवा को सरल एवं सुलभ बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि कण्वाश्रम को राष्ट्रीय स्मारक बनाने की कवायद चल रही है। लालढांग मार्ग सबके लिए खुलेगा। मार्ग से सभी कामर्शियल वाहन को जाने दिया जाएगा। इसके लिए पिटीशन की तैयारी कर ली गई है। कंडी मार्ग को भी खोलने के लिए काम किया जा रहा है। पौड़ी हाईवे पर जल्द सुरंग बनाई जाएगी जिससे मार्ग 35 किमी कम हो जाएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल मार्ग तैयार होने से गढ़वाल की आर्थिकी बदलेगी। इसके अलावा जोशीमठ में स्कीइंग सेंटर, पौड़ी में खेलों का सेंटर बनाया जा रहा है। पहाड़ की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कोटद्वार से जल्द ही दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन संचालित करने का भरोसा दिलाया।
डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र की बड़ी उपलब्धि : खंडूड़ी
क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी कोटद्वार में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुरू होने को बड़ी उपलब्ध बताया। कहा कि कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए दूरदराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा। इसके अलावा कोटद्वार रेलवे स्टेशन का नाम कण्वनगरी स्टेशन किए जाने, कोटद्वार से देहरादून एवं लखनऊ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने, कण्वाश्रम के समग्र विकास की मांग रखी गई है। इन मांगों के पूर्ण होने से कोटद्वार क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, पर्यटन एवं परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, विधायक दिलीप रावत, पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी, मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, दर्जाधारी ऋषि कंडवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, शैलेंद्र सिंह बिष्ट, विदेश मंत्रालय के एसपी गोवर्द्धन, डाक निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप आदि मौजूद रहे। संचालन विदेश मंत्रालय पासपोर्ट कार्यालय की ओएसडी प्रियंका भट्ट ने किया।
विदेश राज्य मंत्री मार्गरीटा ने किया कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ
RELATED ARTICLES

