Sunday, October 25, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमंडलसेरा क्षेत्र के लोगों ने किया कलक्ट्रेट में प्रदर्शन

मंडलसेरा क्षेत्र के लोगों ने किया कलक्ट्रेट में प्रदर्शन


बागेश्वर। मंडलसेरा क्षेत्र के लोग इन दिनों जलभराव और सड़क पर मलबा आने की समस्या से जूझ रहे हैं। कुंती गधेरा और दोगाड़ गधेरा इन दिनों नदी का रूप धारण कर चुके हैं। पूरे क्षेत्र में पानी और मलबा घरों व खेतों तक घुस गया है। हालत यह है कि पीपल चौक मोटर मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। सड़क पर करीब तीन फीट तक मलबा जमा है और पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। परेशान लोगों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोग सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जलभराव के संकट ने उनके जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा दिक्कत क्षेत्र में स्थित 14 विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को हो रही है। वे भीगे कपड़ों में पठन-पाठन करने को मजबूर हैं। इससे न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि 17 अगस्त को उन्होंने सड़क पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को अपनी पीड़ा से अवगत कराया था। उस समय जिला प्रशासन ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर राहत कार्य शुरू नहीं किए गए, तो सात सितंबर से मंडलसेरा की जनता भागीरथी चौराहे पर आमरण अनशन और चक्का जाम करने को मजबूर होगी। इस आंदोलन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस आशय का एक ज्ञापन जिलाधिकारी को भी सौंपा। इस दौरान भैरव दत्त पांडे, गोपाल सिंह, नंनद सिंह, मेहरबान सिंह, सोनू मलडा, किशन सिंह, नारायण सिंह, आनंद सिंह, केवलानंद जोशी सहित दो दर्जनों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments