Friday, October 23, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डसोशल मीडिया से ब्लैकमेलिंग का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

सोशल मीडिया से ब्लैकमेलिंग का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार


अल्मोड़ा। सोमेश्वर पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को मात्र एक दिन में पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बीते 9 अप्रैल को दर्ज एक गंभीर शिकायत के बाद की गई, जिसमें एक महिला ने अपने व्हाट्सएप अकाउंट के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता की तहरीर पर सोमेश्वर थाने में आरोपी आनंद सिंह नेगी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं, स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और सीओ गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अप्रैल को पंजाब के संगरूर स्थित पैरामिड क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी आनंद सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पैरामिड में शेफ की नौकरी कर रहा था और वर्ष 2023 में सोशल मीडिया पर पीड़िता से उसकी दोस्ती हुई थी। उसी दौरान उसने महिला की निजी सामग्री का दुरुपयोग किया। गिरफ्तार आरोपी आनंद सिंह नेगी (39 वर्ष) उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ थाना क्षेत्र के गांव गढ़वाल गाढ़ का निवासी है। आरोपी को सोमेश्वर पुलिस द्वारा न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल नीरज मेहरा और कांस्टेबल गोरखनाथ शामिल रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments