Friday, October 23, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डसोलर पंप नियम विरुद्ध लगाने पर आमरण अनशन की चेतावनी

सोलर पंप नियम विरुद्ध लगाने पर आमरण अनशन की चेतावनी


रुड़की। सुल्तानपुर साबतवाली के ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने लघु सिंचाई विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर सामूहिक सिंचाई योजना के अंतर्गत वाटर सोलर पंप नियम विरुद्ध लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने सोलर पंप को पूर्व में चयनित पात्र सीमांत किसानों के यहां पर लगाए जाने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी गई है। सुल्तानपुर साबतवाली के ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने बताया कि उन्होंने लघु सिंचाई विभाग को सामूहिक सिंचाई योजना के अंतर्गत गांव के अनुसूचित जाति के पात्र और सीमांत किसानों के यहां वाटर सोलर पंप लगवाने के लिए प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव पर नाबार्ड की ओर से सहमति होने के बाद कर्मचारियों ने साबतवाली और खड़खड़ी दयालपुर के चयनित पात्र किसानों के यहां जीपीएस रीडिंग आदि भी कर ली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब अंतिम चरण में विभाग के कुछ अधिकारियों ने पूर्व निर्धारित जगह और पात्रों को बदलकर अनुचित स्थानों पर सोलर पंप नियमों के विरुद्ध लगाए जा रहे हैं। बताया कि इस मामले में वह लगातार विभाग से पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अधिशासी अभियंता को दिए गए ज्ञापन में मांग उठाई कि इन वाटर सोलर पंप को पूर्व निर्धारित जगह पर और चयनित पात्र किसानों के यहां पर ही लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि विभाग की ओर से अब इसमें आगे कोई कार्रवाई नहीं की तो वह इसके विरोध में रोशनाबाद पहुंचकर ग्रामीणों के साथ आमरण अनशन शुरू करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में अरुण, आदिल, इसम सिंह, राजपाल, सेठपाल, रितिक, अरिवंद, ज्ञान सिंह, मुकेश, सुंदर आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments