Thursday, October 22, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डवसंतोत्सव-2025 के लिए तैयार राजभवन

वसंतोत्सव-2025 के लिए तैयार राजभवन


  • देहरादून। राजभवन, देहरादून में 07 से 09 मार्च, 2025 तक तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2025 (पुष्प प्रदर्शनी) का आयोजन हो रहा है। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन के लिए उद्यान विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वसंतोत्सव का शुभारंभ 07 मार्च को प्रातः 10 बजे राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। पुष्प-प्रदर्शनी 07 मार्च को दोपहर 1 बजे से सायं 6 बजे तक तथा 08 और 09 मार्च को प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक जनसामान्य के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
    इस आयोजन में 15 मुख्य प्रतियोगिताओं की कुल 55 उप-श्रेणियां शामिल हैं, जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेताओं को 9 मार्च को कुल 165 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
    राज्यपाल के निर्देशन में इस वर्ष वसंतोत्सव में कई नवीन पहल शुरू की गई हैं। उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा इस आयोजन में आने वाले लोगों की गणना एआई एप्लिकेशन के माध्यम से की जाएगी, जिसके लिए राजभवन के मुख्य द्वार पर एआई इनेबल कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा वसंतोत्सव में आने वाले आगंतुक वेबसाइट www.vmsbutu.it.com पर भी पंजीकरण कर सकते हैं, जहां रजिस्ट्रेशन करने पर आगंतुक की सुविधा के लिए एक आई-कार्ड जनरेट होगा, यह रजिस्ट्रेशन ऐच्छिक होगा।
    आईटीडीए द्वारा फीडबैक सिस्टम के लिए क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिससे आगंतुक अपने सुझाव और अनुभव साझा कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य वसंतोत्सव को और अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाना है। वसंतोत्सव-2025 न केवल पुष्प प्रेमियों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा, बल्कि यह नवाचार और तकनीकी विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगा।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments