Thursday, October 22, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़त

ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़त

  • ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत , डंपर का चालक मौके से फरार
    विकासनगर। शिमला बाईपास रोड पर मटक माजरी तिराहे के पास एक बड़े ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़त हो गई। टक्कर इतनी भंयकर थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। इससे पहले की आग पर काबू पाया जाता ट्रक चालक ट्रक के अंदर जिंदा जल गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ विकासनगर भाष्कर शाह और कोतवाल राजेश शाह मय फोर्स फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों में लगी आग को बुझाया। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि गुरुवार सुबह चार बजे सूचना प्राप्त हुई कि शिमला बाईपास रोड पर मटक माजरी तिराहा से आगे दो बड़े वाहनों की आपस में आमने-सामने भिडंत हो गई। इससे दोनों वाहनों में आग लग गई है। सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी कुल्हाल को मय फोर्स मौके पर भेजा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ विकासनगर भाष्कर शाह के साथ वह खुद मय फोर्स और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद दोनों वाहनों को चेक किया गया। हिमाचल नंबर के ट्रक में चालक वाहन के अंदर ही फंसा हुआ था। ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। इसके बाद शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपजिला चिकित्सालय भेजा गया। मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र बाल किशन निवासी ग्राम कुंडीयो तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। दूसरे वाहन हरियाणा नंबर के डंपर का चालक मौके से फरार हो गया है। वाहन चालक के संबंध में जानकारी हासिल की जा रही है। पोस्टमार्टम करवाकर चालक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments