Wednesday, October 21, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डनानकमत्ता में भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह निर्विरोध चेयरमैन बने

नानकमत्ता में भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह निर्विरोध चेयरमैन बने


रुद्रपुर। नानकमत्ता नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह टुरना निर्विरोध चेयरमैन बन गए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी मनोज कुमार के नाम वापिसी के बाद प्रेम सिंह टुरना अकेले प्रत्याशी मैदान में रह गए थे। आरओ एएस नेगी ने नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रमाण पत्र जारी कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रेम सिंह टुरना का माल्यार्पण कर स्वागत किया। गुरुवार को नामांकन पत्र वापसी का अंतिम दिन था। नानकमत्ता में दो प्रत्याशी प्रेम सिंह टुरना और मनोज कुमार के नामांकन पत्र वैध थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सिंह खिण्डा का नामांकन बुधवार को निरस्त हो चुका था। गुरुवार को अपराह्न 3.30 बजे मनोज कुमार भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, छगन लाल अग्रवाल, भुवन जोशी, जगदीश जोशी समेत कार्यकर्ता मनोज कुमार के साथ आरओ कार्यालय पहुंचे। यहां मनोज कुमार ने आरओ एएस नेगी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अपना नामांकन वापस ले लिया। आरओ कार्यालय से बाहर निकलकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रेम सिंह टुरना को माला पहनाकर बधाई दी।
मुधर व्यवहार के लिए जाने जाते हैं प्रेम सिंह टुरना
प्रेम सिंह टुरना पिछले कार्यकाल में भी नगर पंचायत नानकमत्ता के अध्यक्ष रहे थे। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर मधुर व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने चुनाव कांग्रेस से जीता था। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। प्रेम सिंह टुरना ने कहा कि नानकमत्ता नगर पंचायत में अध्यक्ष रहते पांच वर्षों में विकास कार्य तेजी से किए हैं। अब प्रदेश, केंद्र में भाजपा की सरकार होने से नगर पंचायत के विकास कार्यों में और तेज गति मिलेगी। नगर में सुनियोजित विकास के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत सरकार का सहयोग मिल रहा है। यहां दिनेश गोयल, ओमनारायण, जगजीत सिंह जग्गा, रणजीत सिंह नामधारी, गौरव वर्मा मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments