श्रीनगर गढ़वाल। देहरादून से गौचर ड्यूटी पर जा रहे बीआरओ कर्मचारी की कार शुक्रवार सुबह कीर्तिनगर थाना क्षेत्र के जियालगढ़ में एक होटल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार शंकरी देवी (78) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनका बेटा और बहु सुरक्षित हैं। दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। कोतवाली निरीक्षक कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। इस पर एसएसआई कुंवर राम आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने खाई में पेड़ों के बीच गिरी कार से तीनों सवारों को बाहर निकाला। घायल शंकरी देवी (78) पत्नी स्व. देवी प्रसाद को 112 की मदद से श्रीकोट स्थित अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में किशनलाल (58) निवासी जोगीवाला, देहरादून, उनकी पत्नी ममता कपरवान (52) और उनकी मां शंकरी देवी सवार थीं। कोतवाल संजय मिश्रा ने बताया कि किशनलाल मूल रूप से उत्तरकाशी के रहने वाले हैं और वर्तमान में जोगीवाला, देहरादून में रहते हैं। वह गौचर में बीआरओ में कार्यरत हैं। शुक्रवार को वह अपनी मां और पत्नी के साथ देहरादून से ड्यूटी के लिए गौचर जा रहे थे। इसी दौरान जियालगढ़ में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना का कारण झपकी आना बताया जा रहा है।
जियालगढ़ में खाई में गिरी कार, बुजुर्ग महिला की मौत
RELATED ARTICLES
