Wednesday, October 7, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डछह दिन बाद भी नहीं तौला धान का एक दाना, एसएमओ कार्यालय...

छह दिन बाद भी नहीं तौला धान का एक दाना, एसएमओ कार्यालय में तालाबंदी


रुद्रपुर। सरकारी क्रय केंद्र खुले छह दिन बीतने के बाद भी धान की खरीद शुरू न होने से किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। मंगलवार को किसानों ने कृषि उत्पादन मंडी में प्रदर्शन कर एसएमओ कार्यालय में तालाबंदी कर दी। उन्होंने चेतावनी दी कि बुधवार से धान खरीद शुरू नहीं हुई तो मंडी गेट पर ताला जड़कर मुख्य सड़क पर चक्का जाम किया जाएगा। मंगलवार को किसान कृषि उत्पादन मंडी पहुंचे। क्रय केंद्र खुलने के छठे दिन भी धान की खरीद न होने पर उन्होंने गहरा आक्रोश जताया और धरने पर बैठ गए। किसानों ने आरोप लगाया कि धान की सरकारी खरीद न होने से किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है।किसान अपना धान बाजार में 1800 रुपये प्रति कुंतल बेचने को मजबूर हैं, जबकि बिचौलियों की चांदी हो रही है। किसानों ने कहा कि सरकार को धान खरीद की नीति समय से स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि खरीद में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि धान खरीद में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि बुधवार से क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई तो मंडी गेट पर ताला जड़कर मुख्य सड़क पर चक्का जाम करेंगे। वरिष्ठ विपणन अधिकारी ने दूरभाष पर किसानों को बुधवार से खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि धान खरीद को लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता चल रही है और शाम तक इसका समाधान निकलने की उम्मीद है। प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रदेश अध्यक्ष गुरसेवक सिंह मोहार, नवतेज पाल सिंह, दिलबाग सिंह, सुखवंत सिंह, सतेंद्र कुमार, जसविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, मनप्रीत सिंह, नारायण सिंह, मनविंदर सिंह, बलमीत सिंह, परमिंदर सिंह, सतनाम सिंह, कमलजीत सिंह आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments