Tuesday, October 20, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमेडिकल कॉलेज ने जीती वॉलीबॉल प्रतियोगिता, स्टेडियम-ए रहा उपविजेता

मेडिकल कॉलेज ने जीती वॉलीबॉल प्रतियोगिता, स्टेडियम-ए रहा उपविजेता


अल्मोड़ा। गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय, अल्मोड़ा की ओर से 1 और 2 अक्टूबर को हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालक वर्ग में मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा ने स्टेडियम-ए को हराकर विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि स्टेडियम-ए उपविजेता रहा। बालक वर्ग में आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। टीमों को दो पूल में बांटकर लीग मुकाबले कराए गए, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले हुए। पहले सेमीफाइनल में टीम अंकित को हराकर स्टेडियम-ए फाइनल में पहुंचा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा ने हॉस्टल बॉयज एसएसजेयू को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 2 अक्टूबर की शाम मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा और स्टेडियम-ए के बीच नाइट फाइनल खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा ने स्टेडियम-ए को 25-23, 19-25, 18-25, 25-23 और निर्णायक सेट में 15-9 से हराकर खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग में स्टेडियम-ए और स्टेडियम-बी के बीच मुकाबला हुआ। स्टेडियम-ए ने 25-20 और 25-16 से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी हासिल की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए। बालक वर्ग में अमित पांडे को बेस्ट सेटर, हिमांशु जोशी को बेस्ट अटैकर और सौरभ कुमार को बेस्ट लिब्रो चुना गया। बालिका वर्ग में निकिता बिष्ट बेस्ट सेटर, रिया जोशी बेस्ट अटैकर और मीनाक्षी बोहरा बेस्ट लिब्रो रहीं। फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में एडीएम युक्ता मिश्रा, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी, नवीन लाल वर्मा, हरीश कनवाल और हिमांशु मेहता ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। प्रतियोगिता के दौरान दिन के मुकाबलों के साथ नाइट फाइनल भी विशेष आकर्षण रहा। आयोजन में प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सहयोगी सदस्यों ने सहयोग किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments