देहरादून। भारत-नेपाल की एकजुटता और प्रकृति संरक्षण का संदेश लेकर पद्मभूषण पर्यावरणविद डॉ.अनिल प्रकाश जोशी ने समर्थकों संग गांधी जयंती के दिन शुक्रवार दो अक्टूबर को नेपाल के जनकधाम से साइकिल यात्रा की शुरूआत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनकपुर के राज्यपाल सुरेंद्र लाल रहे। उनके साथ पर्यटन मंत्री कनेश पटेल तथा खाने-पानी (पेयजल), सिंचाई एवं ऊर्जा मंत्री जवाहर लाल कुशवाहा भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने कहा कि जनकधाम से यात्रा का शुरू होना भारत और नेपाल की एकजुटता का प्रतीक है। प्रकृति से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों को मिलकर काम करने की जरूरत है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि आज आवश्यकता है कि पर्यावरण और प्रकृति से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाए।
पेयजल मंत्री ने वर्तमान जीवनशैली में बड़े बदलाव की जरूरत बताई। यात्रा के उद्देश्य पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि यह प्रकृति, प्रभु, पारिस्थितिकी और प्रगति को एक साथ जोड़कर देखने का माध्यम है। उन्होंने नेपाल में हालिया प्राकृतिक आपदा पर दुख जताते हुए कहा कि पहाड़ी राज्यों और विकासशील देशों को विकसित राष्ट्रों के अधिक कार्बन उत्सर्जन और प्रदूषण का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। इससे पारिस्थितिकी का संतुलन प्रभावित हो रहा है। यात्रा के आयोजन में संयोजक विक्रम यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का अभिनंदन कर उन्हें विदाई दी। स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक प्रशासन ने भी यात्रा के प्रस्थान में सहयोग किया।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश देने को जनकधाम से साइकिल यात्रा शुरू
RELATED ARTICLES

