Friday, October 2, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डयूएसडीएमए में श्रद्धाभाव से मनाई गई गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती

यूएसडीएमए में श्रद्धाभाव से मनाई गई गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती


  • देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चन्द्र ने ध्वज फहराया।
    अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चन्द्र ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता जैसे मूल्यों का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपने विचारों और आचरण के माध्यम से यह सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है। उनके जीवन से हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने दृढ़ नेतृत्व और निर्णय क्षमता से देश का मार्गदर्शन किया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
    संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन एवं योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महान व्यक्तित्वों का जीवन हमें यह सिखाता है कि किसी भी जिम्मेदारी का निर्वहन केवल पद के आधार पर नहीं, बल्कि कर्तव्यबोध, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी सीधे तौर पर आमजन की सुरक्षा और जीवन से जुड़ी है। ऐसे में गांधी जी की संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं अहिंसा के मूल्यों तथा शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने कार्यों में अपनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
    कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
    कार्यक्रम में यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार, प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments