देहरादून। अशोक चक्र विजेता अमर शहीद हवलदार बहादुर सिंह बोहरा की 19वीं पुण्यतिथि पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विलासपुर कांडली स्थित शहीद के आवास पहुंचकर मंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित किया और देश के लिए उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शहीदों को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन सरकार उनके परिजनों के प्रति पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रही है।
मंत्री ने शहीद की वीरांगना श्रीमती शांति बोहरा और उनके बच्चों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहीदों के सम्मान और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। शहीदों की वीरता और बलिदान को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
10वीं पैराशूट रेजिमेंट के वीर सैनिक थे बोहरा
हवलदार बहादुर सिंह बोहरा भारतीय सेना की 10वीं बटालियन, पैराशूट रेजिमेंट के वीर सैनिक थे। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। उनका शौर्य और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, पूर्व सैनिक बीसी भट्ट, मोहन सिंह महर, विक्रम कंडारी, सुनील घनोसी, जगदीश चंद्र पांडे, मंजू देउपा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अशोक चक्र विजेता शहीद हवलदार बहादुर सिंह बोहरा को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि
RELATED ARTICLES

