देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में शनिवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 200 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ के नेतृत्व में हुए सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्तमान समय बदलाव का है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण प्रदेश की जनता को विभिन्न समस्याओं और परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता से जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
गोदियाल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों को लेकर जनता में असंतोष होने का दावा किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार की नीतियों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ ने भी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी नए साथियों को कांग्रेस परिवार का हिस्सा बनने के बाद पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के विचारों और पदचिह्नों पर चलते हुए कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व विधायक ललित फर्सवान, प्रदेश कांग्रेस सचिव अमेंद्र सिंह बिष्ट समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में उमेश सिंह रावत जौनपुर, कमल सिंह सैनी, गौरव विष्णु, नंदन नेगी, कुसुम, प्रदीप रावत, पूनम पाल मीणा, नरदेव सिंह, सुकन्या देवी, प्रेम सिंह सेंदरी, सुभाष रमोला, वीरेंद्र सेंदरी, पूर्व प्रधान ध्रुव सिंह बिष्ट, प्रदीप बड़ोनी, संजय रावत, आकाश राणा और प्रेम बाला समेत अन्य लोग शामिल
रायपुर विधानसभा में कांग्रेस का कुनबा बढ़ा, करीब 200 लोगों ने थामा पार्टी का हाथ
RELATED ARTICLES

