Thursday, September 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डराजकीय इंटर कॉलेज भेटा बडौली बना क्लस्टर विद्यालय

राजकीय इंटर कॉलेज भेटा बडौली बना क्लस्टर विद्यालय


अल्मोड़ा। धौलादेवी विकासखंड में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज भेटा बडौली को क्लस्टर विद्यालय के रूप में संचालित किया गया है। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ध्याड़ी को भी इससे जोड़ा गया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था से दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों को उपलब्ध शिक्षकों, भवन और अन्य संसाधनों का साझा लाभ मिलेगा। क्लस्टर व्यवस्था के तहत दोनों विद्यालयों में उपलब्ध शिक्षकों की विषय विशेषज्ञता और अनुभव का समेकित उपयोग करते हुए कक्षा एवं विषयवार शिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इससे विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता, शिक्षण में समन्वय और विद्यार्थियों की शैक्षिक जरूरतों पर बेहतर ध्यान देने में मदद मिलेगी। दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की पहल भी की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों का आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाना तथा दूरी एवं परिवहन संबंधी दिक्कतों के कारण पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को कम करना है। राजकीय इंटर कॉलेज भेटा बडौली में उपलब्ध नवनिर्मित और बेहतर कक्षा-कक्षों में क्लस्टर विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन संसाधनों का उपयोग दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए किया जाएगा। विद्यालय में शैक्षिक और सह-शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत हाईटेक शौचालय का निर्माण, खेल मैदान का विकास एवं सुदृढ़ीकरण तथा विज्ञान विषय के प्रयोगात्मक अध्ययन के लिए आवश्यक उपकरण और सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments