Thursday, September 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डकिशाऊ बांध के खिलाफ क्वानू में महापंचाय,बांध स्थल बदलने की मांग

किशाऊ बांध के खिलाफ क्वानू में महापंचाय,बांध स्थल बदलने की मांग


विकासनगर। किशाऊ बांध परियोजना के प्रस्तावित स्थल को बदलने की मांग को लेकर गुरुवार को क्वानू में जौनसार-बावर और हिमाचल क्षेत्र के ग्रामीणों की महापंचायत हुई। महापंचायत में हजारों ग्रामीणों ने शामिल होकर प्रस्तावित बांध स्थल और बांध की ऊंचाई को लेकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे बांध परियोजना के पूरी तरह विरोधी नहीं हैं, लेकिन क्वानू की जमीन पर प्रस्तावित स्थल को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बांध स्थल को वर्तमान प्रस्तावित स्थान से आगे मीनस की ओर करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि परियोजना से क्षेत्र के लोगों और उनकी जमीन पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बांध के प्रस्तावित स्थल में बदलाव किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि क्वानू की जमीन पर बांध का निर्माण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया। महापंचायत में बांध परियोजना प्रभावित संघर्ष समिति के संरक्षक मुन्ना सिंह राणा, अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह, उपाध्याय नरेंद्र राणा, कोषाध्यक्ष बलबीर चौहान, सचिव नरेश राय, मीडिया प्रभारी सुल्तान तोमर, मोहर सिंह, पदम सिंह चौहान, खत सयाणा रघुबीर सिंह चौहान, डॉ. भगत राम जोशी, सरदार सिंह, गुड्डू चौहान, आशू तोमर, दीवान सिंह समेत हजारों ग्रामीण आंदोलनकारी मौजूद रहे।
हिमाचल से भी पहुंचे ग्रामीण
महापंचायत में जौनसार-बावर के साथ हिमाचल क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि जमीन और क्षेत्र के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने मांग को लेकर हर स्तर पर आवाज उठाने और आंदोलन को तेज करने की बात कही। महापंचायत के बाद बांध परियोजना प्रभावित संघर्ष समिति ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में किशाऊ बांध का प्रस्तावित स्थल बदलकर मीनस की ओर किए जाने की मांग की गई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments