Thursday, September 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डकांग्रेस ने प्रेमनगर में जाम और पार्किंग स्थल का मुद्दा उठाया

कांग्रेस ने प्रेमनगर में जाम और पार्किंग स्थल का मुद्दा उठाया


देहरादून। कांग्रेस ने डीएम से मुलाकात कर कैंट विधानसभ क्षेत्र में जाम, पार्किंग स्थल हटाने समेत अन्य विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस ने घंटाघर, एमडीडीए कॉम्पलेक्स, घंटाघर एवं पुरानी तहसील से पार्किंग को हटाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में छोटे बच्चों को दफनाने के लिए श्मशान भूमि के नाम से राजस्व अभिलेखों में अंकित किया जाए।
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान से कलेक्ट्रेट में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने घंटाघर एमडीडीए कॉम्पलेक्स, घंटाघर एवं पुरानी तहसील से पार्किंग को हटाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन पार्किंगों से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रेमनगर क्षेत्र में भारत-पाक विभाजन के उपरांत बसाये गए शरणार्थियों की समस्याओं को संज्ञान में लाया। लालचंद शर्मा ने कहा कि भारत पाक विभाजन के बाद प्रेमनगर रेस्ट कैंप क्षेत्र में शरणार्थी परिवारों को बसाया गया था। उन्हें सरकारी भूमि पर घर व प्लॉट का आवंटन किया गया। प्रेमनगर से लगी हुई अतिरिक्त सरकारी भूमि भी इन परिवारों को आवंटित किए जाने के लिए नापी गई थी। कहा कि इसके लोगों से रुपये भी जमा करवाए गए, लेकिन तीसरी पीढ़ी को भी उस अतिरिक्त भूमि की कब्जेदारी, विक्रय आदि इन परिवारों के नाम दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि प्रेमनगर में लगभग आठ हजार परिवार ऐसे भी हैं जो कि जिला पुनर्वास एवं विस्थापन विभाग ने आवंटित की गई भूमि पर कई वर्षों से निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन के लिए वर्ष 2008 में तत्कालीन सरकार ने जीओ भी पारित किया गया, लेकिन आज दिन तक इस ओर कोई भी सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई और आज भी मालिकाना हक नहीं मिल पाया है। कहा कि प्रेमनगर में वर्ष 2018 के सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के कारण से प्रभावित व्यापारियों के लिए भी कोई नीति या कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। इन व्यापारियों में भी मुख्य रूप से गैर-भारत-पाक विभाजन के उपरांत शरणार्थी परिवार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में छोटे बच्चों को दफनाने के लिए श्मशान भूमि के नाम से राजस्व अभिलेखों में अंकित किया जाए या उस क्षेत्र के अतिरिक्त अन्य भूमि श्मशान भूमि के नाम से आवंटित की जाए। कहा कि पूर्व में प्रेमनगर बाजार में लगने वाले जाम को देखते हुए सड़क के दोनों ओर अस्थाई निर्माणों को हटाकर सड़क चौडीकरण का कार्य किया गया लेकिन आज भी जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर स्थित अन्य धार्मिक एवं सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को भी विधिवत चिन्हित किया जाए। पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने तहसील चौक पर लंबे समय से अवैध पार्किंग लगवाई जा रही है जिसके चलते घंटाघर तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
डीएम की प्रतिक्रिया
डीएम ने आश्वस्त किया है कि इस बारे में मुख्य सचिव को पत्र लिखा जाएगा और प्रशासन स्तर पर कमेटी बनाई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, प्रवक्ता दीप वोहरा, राजीव पुंज, राजेश शर्मा बाबू,महेश शर्मा, डी पी सिंह, अशोक कुमार सहगल, पुनीत कुमार आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments