देहरादून। नगर निगम के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ वरुण अग्रवाल ने केदारपुर स्थित एबीसी सेंटर और गौ सदन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दवा पंजिका और स्टॉक प्रविष्टियों में कुछ कमियां व विसंगतियां मिलीं। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर दवाइयों की स्टॉक बुक, औषधि पंजिका, अभिलेखों के रखरखाव और डिजिटल आंकड़ों की जांच की। एबीसी सेंटर की दवा पंजिका और स्टॉक प्रविष्टियों में कुछ कमियां व विसंगतियां पाए जाने पर अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को अभिलेख तत्काल दुरुस्त करने और दवाइयों का पारदर्शी लेखा जोखा रखने के निर्देश दिए। गौ सदन में भारत पशुधन ऐप पर दर्ज पशुओं के आंकड़ों का सत्यापन किया गया।इसमें आंकड़े अद्यतन करने में शिथिलता मिली। खासकर मृत पशुओं की जानकारी समय पर दर्ज नहीं की गई थी। अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी से समन्वय कर सभी आंकड़े तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एबीसी सेंटर में नए डॉग केनल का निर्माण करीब 80 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई। इसके अलावा छत का काम पूरा हो चुका है और अंतिम चरण का काम चल रहा है। प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण भी शुरू हो गया है। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम देहरादून शहर में आवारा पशुओं के प्रभावी नियंत्रण, श्वान बंध्याकरण कार्यक्रम और गौवंश के संरक्षण व संवर्धन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एबीसी सेंटर और गौ सदन की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों को समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर जल्द से जल्द नागरिक सुविधाओं में समर्पित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
एबीसी सेंटर और गौ सदन में मिलीं खामियां, तत्काल सुधार के निर्देश
RELATED ARTICLES

