अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से दावेदारी कर रहे डॉ. अजयपाल ने रविवार को ताकुला ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और गांवों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। पनेर गांव में आयोजित जनमिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क समेत मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र से लगातार तीन बार भाजपा विधायक रेखा आर्या के प्रतिनिधित्व के बावजूद पनेर गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने गांव में अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद डॉ. अजयपाल ने कहा कि लगातार तीन कार्यकाल तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व होने के बावजूद किसी गांव में सड़क जैसी प्राथमिक सुविधा का अभाव जनप्रतिनिधित्व और शासन की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर की जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है और वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ उपेक्षित गांवों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बाद डॉ. अजयपाल ने थापला गांव में भी जनमिलन बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, ताकुला ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता, महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमा भंडारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक सिंह बोहरा, शंकर सिंह रावत, सुनील बाराकोटी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, दिनेश पिलख्वाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
https:जनसंपर्क कार्यक्रम में पनेर गाँव में ग्रामीणों ने सड़क समेत मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाया
RELATED ARTICLES

